Home » Jamshedpur News : जमशेदपुर में हुआ डूरंड कप ट्रॉफी का भव्य अनावरण, राज्यपाल व शिक्षा मंत्री रहे मौजूद

Jamshedpur News : जमशेदपुर में हुआ डूरंड कप ट्रॉफी का भव्य अनावरण, राज्यपाल व शिक्षा मंत्री रहे मौजूद

झारखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण, 134वें डूरंड कप की मेजबानी फिर करेगा जमशेदपुर

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur News : जमशेदपुर में डूरंड कप ट्राफी का अनावरण
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News : भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में XLRI सभागार, जमशेदपुर में आयोजित समारोह में ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया गया। यह आयोजन भारतीय सेना द्वारा झारखंड सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री संतोष गंगवार मुख्य अतिथि और मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, खेल निदेशक शेखर जमुआर, सेना के अधिकारी मोहित मल्होत्रा, परमजीत सिंह डागर, टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि “डूरंड कप जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन झारखंड के लिए गौरव का विषय है। इससे राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र सेवा की सीख मिलेगी।” उन्होंने कहा कि झारखंड के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं और ऐसी प्रतियोगिताएं उन्हें और प्रोत्साहित करेंगी।

मंत्री रामदास सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति का उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से अवसर प्रदान करना है। डूरंड कप जैसे आयोजन इस दिशा में मील का पत्थर हैं।

Jamshedpur News : संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का मिला संगम

कार्यक्रम में झारखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। कलाकारों ने छऊ नृत्य, संथाली लोकनृत्य, और सेना के जवानों ने पंजाबी भांगड़ा की आकर्षक प्रस्तुति दी। यह आयोजन राष्ट्र की एकता और विविधता का प्रतीक बन गया।

डूरंड कप मुकाबले 24 जुलाई से 11 अगस्त तक

134 साल पुरानी इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है। JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक मुकाबले होंगे। इसमें जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FC, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें भाग लेंगी।

इसके अतिरिक्त, 7 और 8 जुलाई को ट्रॉफी टूर के तहत जमशेदपुर शहर के विभिन्न हिस्सों में डूरंड कप ट्रॉफी का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Read also Jamshedpur Rape Case : घोड़ाबांधा में महिला से रेप, एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Related Articles