RANCHI: राजधानी रांची में एक बार फिर जंगल से भटका हाथी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया है। तीन दिन पहले हटिया क्षेत्र में दिखाई देने वाला हाथी अब रातू इलाके के पाली गांव और आसपास के जंगलों में देखा गया। सुबह के समय जंगल किनारे हाथी को घूमते हुए देखा गया, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई थी। बाद में पाली इलाके में हाथी ने जमकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। हाथी ने सुबोध खलखो नामक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला है, जबकि रौशन खलखो गंभीर रूप से घायल है। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जल्द से जल्द जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हाथी के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथी के करीब जाने की कोशिश न करें, भीड़ न लगाएं।
READ ALSO: RANCHI NEWS: रांची के 90 लोग फंसे दुबई में, वतन वापसी की लगाई गुहार

