रामगढ़: जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। फैज अक अहमद मुमताज ने बुधवार को रामगढ़ के 14वें उपायुक्त (DC) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त चंदन कुमार से पदभार संभाला और जिले में अपनी प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों में तेजी लाना उनकी प्राथमिकता होगी, साथ ही सरकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा।
जनता के कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण के बाद फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट किया कि, “रामगढ़ में मेरे कार्यकाल के दौरान जनता से जुड़े कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में होंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
निवर्तमान डीसी चंदन कुमार के कार्यों की सराहना
नए डीसी ने चंदन कुमार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की और भरोसा दिलाया कि उनकी सकारात्मक पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि “जो योजनाएं सही दिशा में चल रही हैं, उन्हें और बेहतर ढंग से लागू किया जाएगा।”
चौकीदारों ने किया स्वागत
रामगढ़ डीसी का चौकीदारों के द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ईमानदारी और लगन से काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, “जो भी कार्य मिले, उसे निष्ठा और ईमानदारी से करना ही सच्ची देशसेवा है। निवर्तमान डीसी चंदन कुमार को भी चौकीदारों ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उनकी निर्विवाद बहाली प्रक्रिया को पूरे राज्य में उदाहरण के रूप में देखा गया।

