RANCHI (JHARKHAND): रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत पलांडु में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बुधवार को बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय रोहित बैंटा के रूप में हुई है, जो सिदरौल टांगरटोली का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार रोहित बुंडू पाचा स्थित अर्बन कंपनी में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था। बुधवार को वह बाइक से बुंडू की ओर जा रहा था। पलांडु के समीप पीछे से आ रहे कंटेनर ने अचानक उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक समेत कंटेनर के नीचे फंस गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मृतक के परिवार में दो भाई और पिता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

