पॉलिटिकल डेस्क : पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह पर बड़ा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने एक बयान में कहा कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह अब जेडीयू के नहीं आरजेडी के हो गए हैं। कहने भर को ही वे जेडीयू के हैं। उनकी भाषा भी यही कह रही है कि वे काम राजद का ही करते हैं।

अमित शाह को लखीसराय से चुनाव लड़ने की चुनौती देना आरजेडी की भाषा
एक कार्यक्रम में शामिल होने औरंगाबाद पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अमित शाह को ललन सिंह ने लखीसराय से चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली है। ऐसी भाषा उनकी पार्टी जेडीयू की नहीं बल्कि आरजेडी की भाषा है। अब वे (ललन सिंह) नीतीश के कम और आरजेडी के ज्यादा हो गए हैं। महज नाम के लिए ही जेडीयू में हैं। यह बात आने वाले दिनों में भी पूरी तरह स्पष्ट रूप से सामने आएगी।
‘नीतीश को PM उम्मीदवार मानने को कोई नहीं है तैयार’
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार को विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल कोई भी दल प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार मानने को तैयार नहीं है। यहां तक कि सरकार के सहयोगी दल राजद के सुप्रीमो लालू प्रसाद भी तैयार नहीं हैं। विपक्षी दलों की बैठक के दौरान की प्रेसवार्ता में ही लालू की कही गई बात में ही यह संकेत मिल गया है। यह समझनेवाली बात है कि लालू ने राहुल को दूल्हा कहा। अब तो नीतीश कुमार का भ्रम दूर हो जाना चाहिए। नीतीश इस मुगालते में न रहें कि लालू प्रसाद उन्हें पीएम उम्मीदवार मानकर चल रहे हैं। लालू ने इशारों में ही यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही दूल्हा यानी आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।
‘लालू ने साफ किया कि PM उम्मीदवार राहुल गांधी ही होंगे’
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि समझदार के लिए संकेत ही काफी होता है। राजनीति में बहुत सारी बाते संकेत में कही जाती हैं जिनका अर्थ समझना चाहिए। लालूजी यह खूब करते रहे हैं। विपक्षी दलों की बैठक कोई परिवारिक बैठकी नहीं थी, जहां लालू प्रसाद शादी-ब्याह की बात करते। उन्होंने कहा कि विगत 23 जून को विपक्षी दलों की मीटिंग विशुद्ध राजनीतिक बैठक थी जिसमें हुई बातों को राजनीति के नजरिए से ही देखा जाएगा। उस बैठक में लालू प्रसाद ने बिल्कुल साफ कर दिया है कि विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार राहुल गांधी ही होंगे। वहीं कुशवाहा ने खुद के लोकसभा की काराकाट या किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने के सवाल का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को आने दीजिए। हमारी पार्टी जहां से तय करेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगे।

