Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के गाजाडीह इलाके में रविवार दोपहर अचानक एक घर में आग लग गई। इस अगलगी में पीड़ित भुवनेश्वर प्रसाद के एस्बेस्टस से बने मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के समय भुनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी लक्की प्रसाद मजदूरी करने घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी बेटी घर में अकेली थी। बेटी ने बताया कि वह दूसरे कमरे में काम कर रही थी, तभी अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। आग कैसे लगी, इसका कारण वह नहीं जान सकी। देखते ही देखते पूरे घर में धुआं और लपटें फैल गईं।
बेटी ने शोर मचाया तो लोग पहुंचे
हालात बिगड़ते देख उसने किसी तरह घर से बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी जानकारी दी गई, लेकिन गली संकरी होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
इसके बाद स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा टीवी, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात और बहन की शादी के लिए रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। घर में रखी नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई।
पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस अगलगी में करीब दो लाख रुपये तक की क्षति हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझा ली गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ReadAlso: Palamu News : पलामू में युवक की हत्या कर नदी में फेंका शव, वजह जान कर हैरान रह जाएंगे आप

