मनोहरपुर : Gang Rape: पश्चिमी सिंहभूम जिले में दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत थमने का नाम नहीं ले रही है। आरोपी पकड़े जाते हैं। कई मामलों में सजा भी हो चुकी है लेकिन मनचलों की हरकतें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में एक नाबालिग को युवकों ने सामूहिक रूप से हवस का शिकार बना डाला।
Gang Rape: मनोहरपुर थाना क्षेत्र की घटना
नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को विगत शनिवार की रात मनोहरपुर थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को रविवार को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों में उंधन निवासी सुधांशु महतो, मनीष लोमगा और सुभाष भेंगरा हैं। इस मामले में पीड़ता के बयान पर एक मामला थाना में दर्ज किया गया है।
परिचित युवकों के साथ गई थी मेला
पीड़िता विगत शनिवार की शाम राउरकेला-चक्रधरपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन से मनोहरपुर स्टेशन पर उतरी थी। यहां उतरने के बाद वह उंधन गांव चली गई। वहां अपने दो परिचित युवकों के साथ वह रायकेरा में आयोजित मासांत मेला देखने चली गई। मेला देखकर युवकों के साथ ही वापस अपने बहन के घर लौट रही थी कि दुष्कर्म की शिकार हो गई।
Gang Rape: साथ के युवकों को डरा-धमकाकर खदेड़ा
मेला देखने के बाद परिचित युवकों के साथ वापस लौटने के क्रम में बूढ़ाहूडिंग पुल के पास पीछा करते हुए तीनों आरोपी पहुंचे। वहां पीड़िता और उसके साथ के युवकों को घेर लिया। पीड़िता के परिचित युवकों को मारपीट कर और डरा-धमका कर वहां से खदेड़ दिया और पीड़िता को डरा-धमका कर गोपीपुर जंगल ले गए। जंगल में तीनों ने पीड़िता के साथ छेड़खानी की। उसके बाद सुधांशु नाम का युवक पीड़िता को अपने घर ले गया। जहां उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
देर रात भाग निकली नाबालिग, घटना की दी जानकारी
दुष्कर्म की शिकार होने के बाद देर रात पीड़िता उसके चंगुल से किसी तरह बचकर अपने घर गई और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसके बाद रविवार को परिजन थाना आकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।

