Home » Garhwa Crime: गढ़वा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड में फायरिंग का आरोपी समेत तीन को पकड़ा

Garhwa Crime: गढ़वा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड में फायरिंग का आरोपी समेत तीन को पकड़ा

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ये गिरफ्तारियां दो अलग-अलग मामलों में की गई हैं, जिनमें एक बस स्टैंड फायरिंग कांड और दूसरा आपराधिक साजिश से जुड़ा मामला शामिल है।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि 23 मार्च की देर रात अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर कुख्यात अपराधी पप्पू खान उर्फ शाहिद अली खान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी। इस दौरान आरोपियों ने छत्तीसगढ़ से आई एक बस के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनसे रंगदारी की मांग की। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पप्पू खान को उचरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। हालांकि, इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, पप्पू खान के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल नौ मामले दर्ज हैं।

दूसरी ओर, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के नगवां मोहल्ले में छापेमारी कर दो अपराधियों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भी एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। इनमें आदित्य कुमार पर दो और अजीत कुमार पर सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में शामिल पुलिस टीम की सराहना की जाएगी और उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Read Also: KVIC Scam: केवीआईसी घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, छह आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल


Related Articles

Leave a Comment