RANCHIl: सीआईडी ने रांची में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। वहीं इस मामले में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। बता दें कि अपराधियों ने गूगल सर्च इंजन पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर एक व्यक्ति से 19.85 लाख रुपये ठग लिए थे। गिरफ्तार अपराधियों में रवि कुमार साव, सूरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव शामिल है। तीनों हजारीबाग के रहने वाले है।
सीआईडी की डीएसपी नेहा बाला ने बताया कि पीड़ित ने 3 नवंबर 2025 को साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार अपराधियों ने गेल इंडिया के नाम पर गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डाल रखा था। गैस कनेक्शन दिलाने के बहाने पीड़ित से संपर्क किया गया और उसे व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजा गया। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से अवैध रूप से 19 लाख 85 हजार 73 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। इस पूरी घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना रांची की टीम ने आरोपितों की पहचान की। इसके बाद हजारीबाग पुलिस के सहयोग से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।
READ ALSO: RANCHI POLICE NEWS: सरहुल और ईद को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन व CCTV से की जाएगी निगरानी

