Home » Garhwa Road Accident: तेज रफ्तार वाहन ने विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी में मारी टक्कर, महिला घायल

Garhwa Road Accident: तेज रफ्तार वाहन ने विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी में मारी टक्कर, महिला घायल

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा। जिले के रमना थाना क्षेत्र में शनिवार को रांची-वाराणसी इकोनॉमिक कॉरिडोर पर तेज रफ्तार वाहन ने विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी में टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में भवनाथपुर विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक और उनके साथ चल रहे सुरक्षा कर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत प्रताप देव अपने काफिले के साथ कॉरिडोर से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक सवारी कमांडर गाड़ी ने अचानक नियंत्रण खो दिया और पहले एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर मारी, जिसके बाद वह सीधे विधायक की गाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा।

बताया जा रहा है कि विधायक श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में गोलीबारी की घटना में घायल हुए एक व्यवसायी से मिलने गढ़वा सदर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटनास्थल पर मची अफरातफरी, यातायात प्रभावित

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हादसे में कमांडर वाहन में सवार एक महिला घायल हो गई, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। विधायक ने घायल महिला की मदद के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

घटना की सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कमांडर वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इसके अलावा, अंचल पदाधिकारी विकास पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना की खबर मिलते ही विधायक के परिजन और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और उनका हालचाल जाना। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Read Also: Ranchi Zoo: … तो क्या शेर घास खाएंगे ? रांची के चिड़ियाघर में मांस आपूर्ति बंद, मांसाहारी जानवरों के निवाले पर संकट

Related Articles

Leave a Comment