Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार को उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का वर्ष 2026 का पहला त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखा जा सके।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनरेटर रूम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को हर समय सतर्क रहने का निर्देश दिया।
साथ ही, ईवीएम मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए कमरों की सीलिंग और सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही की संभावना समाप्त की जा सके।निरीक्षण के बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।उपायुक्त चंदन कुमार ने बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों को बूथ लेवल एजेंट-द्वितीय (बीएलए-2) की नियुक्ति, उनकी जिम्मेदारियों और भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें कांग्रेस के त्रिशानु राय, भाजपा के रंजन प्रसाद, झामुमो के विश्वनाथ बाड़ा, आजसू के सुजीत गिरी और बसपा के जेम्स हेम्ब्रम समेत अन्य लोग शामिल थे।

