
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा और उसके आसपास के इलाकों में अवैध नशाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर एसडीओ के निर्देश पर जिला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात चाईबासा में बाईपास सहित कई ग्रामीण इलाकों के छोटे और लाइन होटलों में छापेमारी की। इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में 8 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को इन इलाकों में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अंचल अधिकारी (CO) उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने चाईबासा बाईपास, खप्परसाई, सिंकूरसाई और टेकासाई के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित होटलों में एक साथ दबिश दी। पुलिस बल को अचानक सामने देख होटलों में हड़कंप मच गया और कुछ लोग मौके से भागने में भी सफल रहे।

होटल संचालकों को सख्त हिदायत, लाइसेंस की हुई जांच
छापेमारी के दौरान टीम ने होटलों के संचालन, शराब परोसने और उनके वैध दस्तावेजों व लाइसेंस की बारीकी से जांच की। अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिना वैध लाइसेंस के शराब बेचना या परोसना पूरी तरह गैरकानूनी है। सभी संचालक रात में तय समयसीमा के बाद अनिवार्य रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर न सिर्फ होटल को सील किया जाएगा, बल्कि संचालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी होगी।उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से न केवल सामाजिक माहौल खराब होता है, बल्कि आपराधिक घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
इस प्रशासनिक कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी हीराल महतो और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित भारी संख्या में जिला प्रशासन और पुलिस के जवान शामिल थे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है, क्योंकि लंबे समय से देर रात तक खुलने वाले इन होटलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इस तरह के औचक अभियान जारी रहेंगे।

