
Jamshedpur : झारखंड की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले जमशेदपुर शहर में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे सोनारी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी मधुसूदन डे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को रात के समय सघन पुलिस गश्ती और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अड्डेबाजी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने को कहा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का भय कायम हो।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने और रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने का भी निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से गिरकर महिला यात्री की दर्दनाक मौत, तीन बच्चों के सामने हुआ हादसा

