घाटशिला : बीडीएसएल महिला कॉलेज के लिए शुक्रवार का दिन हंगामेदार रहा। इस दिन कॉलेज शासी निकाय के सचिव कुमार सत्यम कॉलेज पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार सचिव ने पूर्व से कॉलेज में मौजूद दो निष्कासित और तीन निलंबित महिला शिक्षकों को बातचीत के लिए कार्यालय में बुलाया, नहीं आने पर वह खुद इंटर बिल्डिंग में गए जहां शिक्षक कर्मचारी पहले से मौजूद थे। इस दौरान कर्मचारी और सचिव के बीच का काफी देर तक किसी बात को लेकर जमकर वाद विवाद होता रहा।
बहस के बाद कुमार सत्यम नीचे अपने कार्यालय में चले आए ,इसके बाद इन कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह सचिव पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा रहे थे,जबकि सत्यम ने ऐसे आरोपों से इनकार किया। मामले की जानकारी मिलने पर घाटशिला थाना की ओर से पंकज कालिंदी और एक अन्य महिला पुलिस कॉलेज पहुंचे और मामले की जानकारी ली। काफी संख्या में विभिन्न दलों के नेता कॉलेज आ गए । इस क्रम में कांग्रेसी नेता तापस चटर्जी, नीलू दत्ता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता राजहंस मिश्रा,सुजय सिंह के अलावा कासीदा की मुखिया तारामणि मुंडा भी मौके पर पहुंचे।
हालांकि लगभग 2 घंटे तक लगातार हंगामा होता रहा। काफी हो हंगामा के बाद सहमति बनी कि दो निष्कासित और तीन निलंबित शिक्षकों को निकाय की अगली बैठक तक यथास्थिति बरकरार रखा जाए। बता दें कि महिला कॉलेज में दो शिक्षकों को निष्कासित और तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया था। निलंबन और निष्कासन के बाद भी यह सभी कर्मचारी लगातार कॉलेज आ रहे थे।
इस संबंध में सासी निकाय के सचिव कुमार सत्यम ने बताया की इन शिक्षकों को निष्कासित और निलंबित करने का निर्णय किसी का व्यक्तिगत नहीं था, बल्कि यह निर्णय शासी निकाय की बैठक में लिया गया था। इसलिए उनके भविष्य का निर्णय भी निकाय की अगली बैठक में ही होगा। उन्होंने बताया कि वह घाटशिला के विधायक और शासी निकाय के अध्यक्ष सोमेश चंद्र सोरेन से बैठक में भाग लेने का आग्रह करेंगे। उनके द्वारा तिथि निर्धारण के बाद ही निकाय की अगली बैठक होगी इस दौरान महिला कॉलेज की प्राचार्य पुष्पा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

