Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मतदान के दौरान गोपनीयता भंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करते हुए दो नेताओं ने मतदान केंद्र के अंदर EVM में वोट डालते समय तस्वीरें खींचीं और उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
फोटो वायरल होने के बाद प्रशासन फौरन हरकत में आया। फ्लाइंग स्क्वायड टीम (FST) ने जांच की। दोनों व्यक्तियों भाजपा से जुड़े विमल किशोर बैठा और मनी मोहंती पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोनों ने फेसबुक पर तस्वीर पोस्ट करते हुए भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में संदेश भी लिखा। विमल किशोर बैठा ने कैप्शन में लिखा — “घाटशिला की जनता ने शुरुआत कर दी है, इस बार कमल खिलेगा।” वहीं मनी मोहंती ने “पहले मतदान, फिर जलपान” लिखते हुए पार्टी को वोट देने की अपील की।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश कहते हैं कि मतदान कक्ष के अंदर फोटो खींचना या वीडियो रिकॉर्ड करना पूरी तरह प्रतिबंधित है, ताकि प्रत्येक मतदाता की गोपनीयता सुरक्षित रहे। यह कार्रवाई चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानी जाती है।
फ्लाइंग स्क्वायड टीम की शिकायत पर घाटशिला थाना में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

