
Jamshedpur : घाटशिला कॉलेज में 7 एवं 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय सेमिनार की तैयारी को लेकर प्राचार्य डॉ आर के चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्राचार्य ने बताया कि दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का केंद्रीय विषय आदिवासी नवजागरण : सांस्कृतिक विरासत, सशक्तिकरण और वैश्विक संवाद निर्धारित है।
इस सेमिनार के लिए पहले दिन उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने हेतु कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ अंजिला गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक उमेश सिंह, नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार एवं एडिटर प्रो रामरिझन यादव, रांची के प्रख्यात आदिवासी साहित्यकार महादेव टोप्पो तथा झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक प्रो अजय राज खालको को आमंत्रित किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का समापन 8 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने हेतु घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विशिष्ट अतिथि के रूप में काठमांडू, नेपाल के लव्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार अनीश श्रेष्ठ, टाटा स्टील फाउंडेशन, ट्राइबल आइडेंटिटी विभाग के हेड जिरेण जेवियर टोपनो को आमंत्रित किया गया है।
दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के लिए बाहर से आने वाले रिसोर्स पर्सन के संबंध में जानकारी देते हुए प्राचार्य ने बताया कि इस सेमिनार में विषय विशेषज्ञ वक्ताओं में रामदयाल मुंडा जनजातीय शोध संस्थान, रांची के पूर्व निदेशक डॉ रनेंद्र, नागालैंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रवि रंजन कुमार, विश्व भारती, शिक्षा निकेतन, पश्चिम बंगाल से डॉ रामू हेम्ब्रम, डॉ धनेश्वर मांझी, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की छात्रा रही नितिशा बेसरा, कोल्हान विश्वविद्यालय, मानवशास्त्र विभाग की हेड डॉ मीनाक्षी मुंडा भाग लेंगे।
सेमिनार के प्रथम दिन पद्मश्री जमुना टुडू, पद्मश्री जानूम सिंह सोय, पद्मश्री चामी मुर्मू को सम्मानित किया जाएगा। सेमिनार के दूसरे दिन साहित्य अकादमी के सम्मान से सम्मानित पूर्वी सिंहभूम जिला के संताली साहित्यकारों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपा गया। बैठक में दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में आदिवासी सांस्कृतिक विरासत को दिखाने हेतु टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल आइडेंटिटी विभाग के हेड जिरेन जेवियर टोपनो से संपर्क कर पूरा सहयोग लेने का निर्णय लिया गया। बैठक में सेमिनार के आयोजन हेतु गठित विविध उपसमितियों के संयोजकों में डॉ एसपी सिंह, डॉ डीसी राम, डॉ संदीप चंद्र, डॉ महेश्वर प्रमाणिक, प्रो इंदल पासवान, डॉ कृष्णा प्रसाद, डॉ सोमा सिंह, डॉ कुमार विशाल, प्रो मानिक मार्डी को अपनी टीम के साथ बैठक कर कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।

