
Jamshedpur : आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से जमशेदपुर के सोनारी निवासी शैलेन्द्र महतो को कानूनी नोटिस भेजे जाने का मामला सामने आया है। शैलेन्द्र महतो कुड़मी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
नोटिस के अनुसार, 18 सितंबर को फेसबुक पर हरेलाल महतो के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी वाली पोस्ट प्रकाशित की गई थी। नोटिस में संबंधित टिप्पणी को निराधार और मानहानिकारक बताते हुए कहा गया है कि इससे हरेलाल महतो की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
कानूनी नोटिस में संबंधित फेसबुक पोस्ट को तत्काल हटाने, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने और कथित मानहानि से हुए नुकसान के एवज में दो करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई है। हालांकि, शैलेंद्र महतो के फेसबुक पेज पर अब वह पोस्ट नहीं दिख रही है। इससे साफ है कि शैलेंद्र महतो ने पोस्ट को हटा दिया है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित मांगों का पालन नहीं किया गया तो हरेलाल महतो की ओर से मानहानि को लेकर आपराधिक कार्रवाई और दीवानी वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
फिलहाल मामला कानूनी नोटिस भेजे जाने तक सीमित है। अदालत में इस संबंध में कोई वाद दायर किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, नोटिस में लगाए गए आरोपों को लेकर शैलेन्द्र महतो का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है।
Read also – Jamshedpur Crime: जमशेदपुर के जंगलों में नक्सली मंगल व मालती को तलाश रही थी पुलिस, मिल गया हथियारों का जखीरा

