RANCHI: रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 16.9 किलो गांजा बरामद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह अभियान कमांडेट पवन कुमार के निर्देश पर रांची रेल मंडल में चलाया जा रहा है। 8 अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट हटिया और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 के फुट ओवरब्रिज के नीचे एक युवक संदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल पुरकायत पता जगन्नाथपुर रांची बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से कुल तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 16.900 किलोग्राम पाया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8.45 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अंगुल से गांजा लेकर ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस से हटिया पहुंचा था। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के बाद जीआरपीएस हटिया को सौंप दिया गया है, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
READ ALSO: Jamshedpur News: परसुडीह मकदमपुर रेलवे फाटक पर बनेगा ओवर ब्रिज, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

