RANCHI: रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत एक यात्री की जान बचाने का सराहनीय काम किया है। यूं कहे तो जवान उस यात्री को मौत के मुंह से खींचकर ले आए। घटना 9 अप्रैल की है, जब रांची रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान वह असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप में गिर गए और कुछ दूर तक घसीटते चले गए।
ड्यूटी पर तैनात एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझा। दोनों जवानों ने बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू किए गए यात्री की पहचान ओम प्रकाश अग्रवाल (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो धनबाद जिले के टुंडी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह भुवनेश्वर से धनबाद जा रहे थे और रांची स्टेशन पर पानी लेने उतरे थे, तभी ट्रेन चल पड़ी।
READ ALSO: RANCHI RPF NEWS: हटिया स्टेशन पर 16.9 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, जानें कितनी है कीमत

