Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती स्थित एक किराना दुकान में सोमवार को चोरी की घटना सामने आई। चोर दुकान से करीब 24 से 25 हजार रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती स्थित सुनील स्टोर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर ने दुकान में रखी नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। दुकान मालिक को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल मानगो थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

