Home » Koderma News : सोशल मीडिया से बढ़ीं नजदीकियां, शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण, कोडरमा से युवक गिरफ्तार

Koderma News : सोशल मीडिया से बढ़ीं नजदीकियां, शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण, कोडरमा से युवक गिरफ्तार

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपने परिजनों की बीमारी का हवाला देकर अलग-अलग समय पर उससे लगभग दो लाख रुपये भी लिए। इसके बाद धीरे-धीरे संपर्क समाप्त कर दिया।

by Rakesh Pandey
Koderma News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा/कोलकाता : झारखंड के कोडरमा जिले से पश्चिम बंगाल पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और दो लाख रुपये की कथित ठगी के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के वर्दवान जिले में मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से परिचय होने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसके बाद शादी का वादा कर यौन संबंध बनाने और बाद में रुपये लेकर विवाह से इनकार करने का आरोप लगाया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पश्चिम बंगाल ले जाया गया है।

वर्धमान थाने की पुलिस टीम ने छापेमारी कर किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरियामा गांव निवासी 24 वर्षीय विशाल राणा के रूप में हुई है। पश्चिम बंगाल के वर्धमान थाना की पुलिस टीम ने तिलैया थाना पुलिस को सूचना देने के बाद शनिवार देर रात उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस आरोपी को अपने साथ वर्धमान ले गई, जहां मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो साल पूर्व सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले विशाल राणा की सोशल मीडिया के माध्यम से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की एक युवती से पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह परिचय प्रेम संबंध में बदल गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती से कई बार मुलाकात की। पीड़िता का आरोप है कि विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए गए।

दो लाख रुपये लेने के बाद संपर्क तोड़ने का आरोप

पीड़िता की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने परिजनों की बीमारी का हवाला देकर अलग-अलग समय पर उससे लगभग दो लाख रुपये लिए। शिकायत में कहा गया है कि रुपये लेने के बाद आरोपी ने धीरे-धीरे संपर्क समाप्त कर दिया और बाद में शादी करने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने वर्धमान थाने में शादी का झांसा देकर यौन शोषण और ठगी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इसी मामले की जांच के दौरान आरोपी की तलाश शुरू की थी।

वर्धमान पुलिस करेगी आगे की जांच

मामले की जांच के क्रम में पश्चिम बंगाल पुलिस को आरोपी के कोडरमा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वर्धमान थाना की टीम झारखंड पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तिलैया थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना स्थानीय थाना को नियमानुसार दी गई थी। अब इस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पश्चिम बंगाल की वर्धमान पुलिस करेगी।

Read Also- Palamu News : पलामू में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया बिजली मिस्त्री, हो गई मौत

Related Articles

Leave a Comment