हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले से हाथियों के आतंक की खबर सामने आई है। यहां चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में सोमवार को देर रात हाथियों के हमले से पांच लोगों की जान चलीगई। मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। यह घटना रात लगभग एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि पांच हाथियों का एक झुंड अचानक गांव में घुस गया। उस समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। हाथियों ने कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया और बाहर निकल रहे लोगों को अपनी चपेट में लेने लगे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन झुंड काफी देर तक गांव के आसपास मंडराता रहा।

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। स्थानीय थाने की पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ जान-माल की क्षति रोकने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी है। इसके साथ ही वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने की हिदायत दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे हर समय जान-माल का खतरा महसूस होता है। गांव वालों ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने और हाथियों के उत्पात से स्थायी समाधान उपलब्ध कराने की मांग रखी है। दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

