Home » Hazaribag Crime News : घर में घुसकर अपराधियों ने युवक को मारी गोली, घटनास्थल पर ही मौत, इलाके में दहशत

Hazaribag Crime News : घर में घुसकर अपराधियों ने युवक को मारी गोली, घटनास्थल पर ही मौत, इलाके में दहशत

by Mujtaba Haider Rizvi
Hazaribag Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribag : झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू पंचायत क्षेत्र स्थित बघुताबर टोला में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना हुई। यहां अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 35 वर्षीय रुपलाल करमाली की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की यह वारदात रात में लगभग 12 बजे अंजाम दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, अपराधी छत के सहारे घर के अंदर पहुंचे और सोए हुए रुपलाल करमाली पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उन्हें पांच गोलियां मारी गईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य दहशत में आ गए और पड़ोसी भी मौके पर जुट गए।

मृतक रूपलाल करमाली बुंडू मंडा पूजा में भगत (पुजारी) का काम करते थे। उनके शांत स्वभाव और सामाजिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। अचानक हुई इस हत्या ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का अभी साफ पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी निजी कारण की भी संभावना पर विचार किया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल से सुबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। इस हत्या ने केरेडारी और पूरे हजारीबाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Related Articles