Home » GT Road Accident: हजारीबाग में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को रौंदा, ग्रामीणों ने जाम किया जीटी रोड

GT Road Accident: हजारीबाग में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को रौंदा, ग्रामीणों ने जाम किया जीटी रोड

फजर की नमाज के लिए निकला था शहंशाह, GT रोड पर ट्रेलर ने ली जान; आक्रोश में ग्रामीणों ने किया हंगामा

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​हजारीबाग : जिले के बरकट्ठा प्रखंड के कोनहरा खुर्द गांव में जीटी रोड पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़े 24 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा किया और घंटों यातायात ठप रखा।

मृतक की पहचान कोनहरा खुर्द निवासी शहंशाह खान के रूप में हुई है। वह मासूक खान का 24 वर्षीय बेटा था। शनिवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे शहंशाह फजर की नमाज अदा करने मस्जिद जा रहा था। वह सड़क के किनारे शांति से खड़ा था। इसी दौरान बरही की तरफ से बेहद तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शहंशाह की मौके पर ही सांसें थम गईं।

​हादसे को अंजाम देने के बाद चालक ट्रेलर लेकर बगोदर की ओर तेजी से फरार हो गया। इस घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां मातम और गुस्से की लहर दौड़ गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग शुरू कर दी। ग्रामीणों ने सुबह छह बजे ही जीटी रोड पर पहुंचकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया।

चार घंटे बाद बहाल हो सका यातायात

​सड़क जाम होने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। बरकट्ठा के बीडीओ सह सीओ सुमन कुमार सौरभ, पुलिस निरीक्षक इमदाद अंसारी और थाना प्रभारी आशीष कुमार भगत तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत और न्याय के आश्वासन के बाद सुबह 10 बजे यानी चार घंटे बाद जीटी रोड पर यातायात बहाल हो सका।

​इस दौरान सिक्स लेन सड़क चौड़ीकरण का काम कर रही राज केशरी कंपनी के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को तुरंत सहायता राशि के रूप में 21 हजार रुपये देने का भरोसा दिया। इसके अलावा अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा मिलने वाली आधिकारिक पारिवारिक लाभ की राशि भी जल्द से जल्द दिलाई जाएगी।

​घटनास्थल पर पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि कलीम खान, स्थानीय मुखिया अब्बास अंसारी, कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष साहीद शेख, वीरेंद्र शर्मा और शेरु खान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही अस्पताल भेज दिया है। चार घंटे तक जीटी रोड जाम रहने के कारण सड़क की दोनों पटरियों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आम यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
Read Also:  Palamu Crime : फर्जी आईपीएस का बड़ा खेल, बिहार पुलिस को साथ लेकर की छापेमारी, शक होने पर चकमा देकर फरार 

 

 

 

 

Related Articles