
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने को कहा है। मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और परंपरा को कायम रखते हुए मूर्ति विसर्जन इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे तालाबों और जलाशयों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसके लिए राज्य सरकार और पूजा समितियां आपसी समन्वय से इको फ्रेंडली विसर्जन की कार्ययोजना तैयार करें।
पंडालों में नशा मुक्ति के होर्डिंग लगाने का सुझाव
हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों से पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भी अहम भूमिका है। समितियों ने पंडालों में बैनर-होर्डिंग लगाने और अनाउंसमेंट के जरिये लोगों को जागरूक करने का भरोसा दिया।
परिवार के साथ पंडाल घूमने का आमंत्रण स्वीकार
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सपरिवार रांची के विभिन्न पूजा पंडालों में आने, माता के दर्शन और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वह इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न पंडालों का भ्रमण करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन की तैयारियों और पूजा समितियों को मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। समितियों के अनुसार प्रशासन की ओर से लगातार बैठकें कर पूजा से जुड़ी समस्याओं का समाधान पहले ही किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन को कानून-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पंडालों में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने को कहा। मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

