
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा रांची में जारी छात्र आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पूरे घटनाक्रम और सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कथित अनियमितताओं को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी जैसे आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।


