धनबाद। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच में सवार हो बिल्ली नई दिल्ली चली गई। फिर ट्रेन के सेकंड एसी में पेट एनिमल (बिल्ली) ले जाने की शिकायत के बाद रेलवे महकमे में हलचल मच गई। रेल अधिकारी ने कहा कि संबंधित यात्री ने शिकायत करने में काफी देर कर दी।
धनबाद से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे यात्री मुक्तेश्वर मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके पास वाली सीट पर एक व्यक्ति बिल्ली के साथ यात्रा कर रहा था। उन्होंने बताया कि पूरी रात बिल्ली की म्याऊं-म्याऊं से उनके परिवार को काफी परेशानी हुई। यात्री ने इस संबंध में फोटो भी साझा किया, जिसमें प्लास्टिक के बंद बॉक्स में बिल्ली को रखा गया था।

यात्री के अनुसार, उन्होंने यात्रा के दौरान इस मामले की शिकायत भी की, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं हो सका। इस कारण उन्हें पूरी यात्रा असुविधा के बीच बितानी पड़ी। मामला दिल्ली पहुंचने के बाद और ज्यादा चर्चा में आ गया।
इस पूरे मामले पर हावड़ा के वरिष्ठ रेल अधिकारी ने कहा कि यदि समय रहते ट्रेन में ही शिकायत की जाती, तो तत्काल कार्रवाई की जा सकती थी। लेकिन सूचना देने में बहुत देर कर दी गई। एक अप्रैल को राजधानी के सेकेंड एसी में बिल्ली के साथ यात्रा की बात कही गई। लेकिन शिकायत दो अप्रैल को कराई गई। हालांकि उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई। लेकिन यात्रा के दौरान ऑनबोर्ड स्टाफ को ऐसी कोई घटना की जानकारी नहीं मिली।
रेलवे के नियम क्या कहते हैं
रेलवे नियमों के अनुसार, बिल्ली या कुत्ते जैसे पालतू जानवरों के साथ यात्रा करने के लिए फर्स्ट एसी केबिन या कूपा बुक करना अनिवार्य होता है। सेकंड एसी, थर्ड एसी या स्लीपर कोच में पालतू जानवरों के साथ यात्रा की अनुमति नहीं है।
रेलवे ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत ऑनबोर्ड स्टाफ को सूचित करें, ताकि समस्या का समाधान समय रहते किया जा सके।
Read Also: http://Elephant Attack : महुआ चुनने निकले थे, सामने आ गई मौत, रामगढ़ में हाथियों ने ले ली तीन की जान

