RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में जिला प्रशासन ने अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओरमांझी क्षेत्र में छापेमारी कर गैस के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला स्तरीय टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी ओरमांझी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के ग्राम ईरवा स्थित ‘दिल्ली दरबार बिरयानी’ दुकान में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान दुकान से कुल 9 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 19.02 किलोग्राम पाया गया। बरामद सिलेंडरों में HP और इंडेन के सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें से 6 सीलबंद थे। पूछताछ में दुकान संचालक ने खुलासा किया कि ये सिलेंडर एक बिचौलिए के जरिए अवैध रूप से लाए जाते थे और रिफिलिंग कर बाजार में बेचे जाते थे।
इसके बाद गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर प्रशासन की टीम ने आरोपी के घर पर भी छापेमारी की, जहां से एक और गैस सिलेंडर, रिफिलिंग नोजल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। हालांकि, छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस पूरे मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

