देहरादून : IMD Rainfall Alert : भारी बारिश की वजह से रोकी गई चार धाम यात्रा, 6000 से अधिक श्रद्धालु फंसे उत्तराखंड में मानसून की बारिश जारी है। वहीं मौसम विभाग ने 7 जुलाई के लिए बारिश का 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया था। इन जिलों में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर आदि में अनेक जगह भारी से बहुत भारी वर्षा और कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।
इसके साथ ही पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश व कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है। बारिश के अलर्ट के देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने कहा है कि कोई भी अधिकारी इस दौरान अपना स्थान न छोड़े, आपदा की स्थिति में तुरंत कॉल कर कंट्रोल रूम को जानकारी दें।
वहीं उत्तराखंड में बारिश का असर चारधाम यात्रा पर पड़ता दिख रहा है। इसे देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा 7 जुलाई के लिए स्थगित कर दी गई है।
वहीं बता दें कि बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कई रास्ते लैंडस्लाइड तो कुछ बह जाने के कारण बंद हो गए। इसके बाद चार धाम यात्रा रोक दी गई। इससे जगह-जगह करीब 6 हजार श्रद्धालु फंसे हैं। गंगा, अलकनंदा, भागीरथी समेत कई नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। इसके साथ ही हरिद्वार और ऋषिकेश में भी लगभग 600 श्रद्धालु फंस गए हैं, क्योंकि राज्य सरकार ने हरिद्वार से आगे जाने पर रोक लगा दी है। गंगोत्री और यमुनोत्री जा रहे 480 यात्रियों को भद्रकोली चेकपोस्ट पर रोका गया है।
वहीं आईएमडी ने सोमवार यानी आज 8 जुलाई के लिए 11 राज्यों सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक में बहुत भारी बारिश का अलर्ट और 10 राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

