नई दिल्ली : दिल्ली में जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे आगजनी की घटनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। गुरुवार को राजधानी में आग लगने की चार अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गईं जनकपुरी, सीलमपुर और फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में हुई इन घटनाओं ने न केवल दमकल विभाग को अलर्ट पर ला दिया, बल्कि आम जनता में भी दहशत का माहौल बना दिया। इन घटनाओं में चार लोग घायल हुए, जबकि कई मकान और वाहन जलकर खाक हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सभी स्थानों पर दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इसमें सीलमपुरी में हुई घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं।
सीलमपुर में रसोई में सिलेंडर फटा, रसोई में मौजूद एक ही परिवार के चार लोग झुलसे
डीएफएस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह लगभग 11:17 बजे, सीलमपुर के जी-ब्लॉक, गुरुद्वारे के पास स्थित एक मकान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रसोई में इस्तेमाल हो रहा घरेलू एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया। विस्फोट के साथ तेज लपटें उठीं और आग तेजी से फैल गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य बुरी तरह झुलस गए। जिसमें उस समय खाना बना रही रेहाना बेगम (45), उनकी बेटी आफरीन (22), उनका बेटा फैजान (17) और उनकी भतीजी मुस्कान (12) जोकि घटना के समय दूसरे कमरे में थी लेकिन आग के बाद निकले घने धुएं के प्रभाव से सांस लेने में तकलीफ अस्पताल ले जाया गया।
चारों को स्थानीय लोगों की मदद से जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घायल महिला और उनकी बेटी की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। दमकल विभाग ने मौके पर तीन गाड़ियां भेजीं और समय रहते आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गैस लीक हो रहे होने और उसी दौरान चूल्हा जलाने की कोशिश किए जाने के दौरान निकली चिंगारी के कारण यह हादसा हुआ है। फायर और पुलिस की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जनकपुरी के पंखा रोड पर खड़ी बसें और कार जलीं
गुरुवार तड़के सुबह करीब 5:30 बजे, जनकपुरी स्थित पंखा रोड पर सड़क किनारे खड़ी दो बसों और एक कार में अचानक आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर दो गाड़ियां भेजीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जनकपुरी ए-2 ब्लॉक, आर्य समाज मंदिर के पास मकान में आग
दोपहर करीब 1:11 बजे, जनकपुरी के ए-2 ब्लॉक, आर्य समाज मंदिर के पास स्थित एक मकान में आग लग गई। दमकल विभाग ने तुरंत आठ गाड़ियां भेजीं और आग को फैलने से रोका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में माता मंदिर के पास घर में लगी आग
सुबह करीब 9:40 बजे, फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट के हाउस नंबर 33, गेट नंबर 5, माता मंदिर के पास एक मकान में आग लग गई। दमकल विभाग ने पांच गाड़ियां मौके पर भेजीं और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ। घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
अग्निशमन विभाग की अपील, उपकरणों से उपयोग में रहे सावधान
दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने नागरिकों से अपील की कि गर्मी के मौसम में गैस सिलेंडर, बिजली उपकरणों और ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 101 नंबर पर कॉल कर अग्निशमन सेवा को सूचित करें।
Read Also- Godda crime : गोड्डा में एक ही रात दो गोलीकांड, एक की मौत, दूसरा घायल

