स्पोर्ट्स डेस्क : शुभमन गिल के शानदार अर्धशक और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दमपर भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल कर ली है। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम 47.4 ओवर में 248 रन पर सिमट गई, जिसे भारतीय टीम ने 38.4 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया।

इंग्लैंड ने की मजबूत शुरुआत
इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। बेन डकेट और फिलिप साल्ट ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। हालांकि, 9वें ओवर में साल्ट रन आउट हो गए, जिन्होंने 26 गेंदों पर 43 रन बनाए। इसके बाद हर्षित राणा ने डकेट को 32 रन पर और हैरी ब्रूक को डक पर आउट किया। 19वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जो रूट को LBW कर पवेलियन भेजा। रूट ने 19 रन बनाए।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अर्धशतक जमाया और 67 गेंदों पर 52 रन बनाए। इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन (5), ब्रायडन कार्स (10), जैकब बेथेल (51), आदिल राशिद (8) और साकिब महमूद (2) जल्दी आउट हो गए। जोफ्रा आर्चर 21 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि शमी, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।
भारत को नहीं मिला ओपनर्स का साथ
249 रनों का लक्ष्य लेकर भारत ने अपनी पारी की शुरुआत की, लेकिन शुरुआत में ही भारतीय टीम को झटका लगा। 19 रन पर भारत ने दो अहम विकेट खो दिए। डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल 15 रन बनाकर आउट हुए, और कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 2 रन बना सके। इसके बाद शुभमन गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। अय्यर ने 36 गेंदों पर 59 रन बनाए, लेकिन 16वें ओवर में उन्हें LBW आउट कर दिया। इसके बाद गिल और अक्षर पटेल के बीच चौथे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई। अक्षर पटेल ने 47 गेंदों पर 52 रन बनाए, लेकिन 34वें ओवर में आदिल राशिद ने उन्हें LBW आउट कर दिया।
शतक से चूक गए शुभमन
केएल राहुल भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। शुभमन गिल शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 87 रन के स्कोर पर उन्होंने जोस बटलर को कैच थमा दिया। गिल ने अपनी पारी में 14 चौके लगाए। अंत में, भारत ने 249 रन का लक्ष्य 6 विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया और मैच जीत लिया।

