डोमिनिका : खेल के मैदान पर भारत ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने एकतरफा जीत दर्ज की है। डोमिनिका में पारी और 141 रन की जीत के साथ ही भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र (2023-25) में टीम इंडिया ने विजयी आगाज किया है।
अपना पहला मैच जीतने के साथ ही भारत ने सभी टीमों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इसके साथ ही भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट इतिहास में 23वीं जीत हासिल की है। इससे ज्यादा टेस्ट वह सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (32) और इंग्लैंड (31) के खिलाफ ही जीत सका है। जबकि भारत ने न्यूजीलैंड और श्रीलंका को 22-22 मैचों में हराया है।

अश्विन ने हासिल की कई उपलब्धियां
इस मैच की बात करें तो अश्विन ने मैच में कुल 12 विकेट लिए। इन्होंने भारत के लिए आठवीं बार एक मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। इसके साथ ही अश्विन ने अनिल कुंबले (आठ) की बराबरी कर ली। हरभजन सिंह ने पांच बार मैच में 10 या उससे अधिक विकेट लिए थे। इसके अलावा अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ छठी बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट में वह ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे वेस्टइंडीज के बल्लेबाज
अगर वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी की बात करें तो यह दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहा है। वेस्टइंडीज का कोई बल्लेबाज मैदान पर नहीं टिक पाया। एलिक नथनेज ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। जेसन होल्डर ने नाबाद 20 रन बनाए। जोमेल वॉरिकन ने 18, अल्जारी जोसेफ ने 13 और जोशुआ डी सिल्वा 13 रन बनाकर आउट हुए। अपनी टीम के लिए रेमोन रीफर ने 11 रन बनाए।

इसके अलावा क्रेग ब्रैथवेट और तेजनारायण चंद्रपॉल सात-सात रन बनाकर आउट हुए। जर्मेन ब्लैकवुड पांच और रहकीम कार्नवॉल चार रन ही बना सके। जबकि केमार रोच अपना खाता नहीं खोल सके। भारत के लिए अश्विन के अलावा रवींद्र जडेजा ने दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज को एक सफलता हाथ लगी ।
यशस्वी के अलावा कप्तान रोहित और कोहली ने की अच्छी बल्लेबाजी
अगर इस मैच की बात करें तो बल्लेबाजी में भारत के लिए यशस्वी जायसवाल, कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शानदार पारियां खेलीं। यशस्वी ने 171 रन बनाए। यह उनका डेब्यू टेस्ट भी था। वहीं, कप्तान रोहित ने 104 रन की पारी खेली। विराट कोहली शतक नहीं लगा पाए लेकिन 76 रन का योगदान उन्होंने टीम के लिए दिया।
जबकि रवींद्र जडेजा 37 और ईशान किशन एक रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल ने छह और अजिंक्य रहाणे ने तीन रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच, अल्जारी जोसेफ, रहकीम कार्नवॉल, जोमेल वॉरिकन और एलिक एथनेज ने एक-एक विकेट लिए।
ये है अंक तालिका का हाल ?
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। विदित हो कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र (2023-25) में अब तक चार ही टीमों ने अपने मैच खेले हैं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया तीन मैच खेल चुके हैं। इनमें से ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच जीते हैं और इंग्लैंड को एक में जीत हासिल हुई है।
हालांकि, धीमे ओवर रेट के कारण ये दोनों टीमें पेनल्टी के रूप में दो-दो अंक गंवा चुकी हैं। इस लिहाज से तीन मैच खेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास 22 अंक हैं। यह कुल अंक का 61.11 फीसदी हैं। वहीं, इंग्लैंड के पास 10 अंक हैं, जो कुल अंक का 27.78 फीसदी हैं। भारतीय टीम ने टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में एक मैच खेला है और उसमें जीत हासिल की है। इसी के साथ भारत के पास पूरे 12 अंक हैं और 100 फीसदी अंकों के साथ टीम इंडिया अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।

