रांची : Indian Hotels Company Limited : भारत की सबसे बड़ी हॉस्पिटैलिटी कंपनी, इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने झारखंड़ की राजधानी रांची में ताज होटल खोलने जा रही है, जिसके लिए बुधवार को झारखंड सरकार के साथ एमओयू हुआ। इस ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के साथ आईएचसीएल ने रांची में अपना पहला कदम रखा है। झारखंड़ राज्य सरकार से लीज़ पर ली गई 6 एकड़ ज़मीन पर यह होटल बनाया जाएगा।

आईएचसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पुनीत छटवाल ने इस विस्तार पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘दुनिया भर में मशहूर ताज ब्रांड को रांची में लाते हुए हमें बहुत ख़ुशी हो रही है। वृद्धि और विकास की असीम क्षमताओं के शहर रांची का रणनीतिक स्थान और इसे एक स्मार्ट सिटी बनाने के लिए किए जा रहे परिवर्तन, इस शहर को बहुत ही आशादायी और आकर्षक डेस्टिनेशन बना रहे हैं। तेज़ी से विकसित हो रहे प्रमुख औद्योगिक, वाणिज्यिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभर रहे इस क्षेत्र में हमारी मौजूदगी को और भी मज़बूत करने की नीति के अनुरूप हमने यह होटल साइन किया है’।
Indian Hotels Company Limited : धुर्वा में बनेगा 200 कमरों का होटल
धुर्वा में प्राइम लोकेशन पर यह होटल बनेगा, जहां से कनेक्टिविटी और विज़िबिलिटी दोनों बहुत बेहतरीन मिलेंगे। 200 कमरों के ताज, रांची में मेहमान काफी बड़े बैंक्वेट एरिया सहित कई आधुनिक सुविधाओं, एक से बढ़कर एक स्वादिष्ट व्यंजनों और बेवरेजेस, सुसज्जित वेलनेस सेंटर का आनंद लेंगे।
Indian Hotels Company Limited : सरकारी और काॅरपोरेट कार्यालय के पास होगा होटल
रांची को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए यहां बुनियादी सुविधाओं का काफी विकास किया जा रहा है। कोर कैपिटल एरिया में स्थित होने की वजह से यह होटल शहर के नए सेंट्रल बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट के बीचों-बीच विधानसभा, सरकारी कार्यालयों और कॉरपोरेट मुख्यालयों के बहुत ही नज़दीक होगा।
Indian Hotels Company Limited : झारखंड में हो गए 6 होटल
इस होटल को मिलाकर अब झारखंड में कुल 6 आईएचसीएल होटल हो गए हैं, जिनमें से 1 का काम अभी चल रहा है। यहां बता दें कि जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित होटल जिंजर आईएचसीएल का ही है।

