जमशेदपुर: झारखण्ड अधिविद्य परिषद, द्वारा आयोजित कक्षा नवम् वार्षिक परीक्षा 6 और 7 मार्च को जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण व्यवस्था के लिए विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।जिला शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण हेतु प्रखंडवार नोडल पदाधिकारी घोषित किए हैं।
संबंधित बीआरसी (ब्रजगृह) में प्रश्नपत्रों को सीलबंद रखकर सुरक्षित रखा जाएगा। स्ट्रॉन्ग रूम को केवल बीईईओ, बीपीओ, लेखापाल और संबंधित कर्मियों की उपस्थिति में खोला और बंद किया जाएगा तथा पूरी प्रक्रिया का पंजी में संधारण और वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी।निर्देश के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व नोडल पदाधिकारी की उपस्थिति में विषयवार सीलबंद प्रश्नपत्र पुलिस या अधिकृत दूत के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों तक भेजे जाएंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षक, दो वीक्षक और दो परीक्षार्थियों की मौजूदगी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे और इसकी भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। केन्द्राधीक्षक के अलावा किसी भी कर्मी को मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।अधिकारियों को परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण करने का निर्देश:जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम और सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, बीईईओ, बीपीओ सहित अन्य अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने के लिए अधिकृत किया गया है। वे दोनों पालियों में परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर कदाचार-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि बीआरसी से प्रश्नपत्र वितरण से पहले लीक होने पर संबंधित बीईईओ तथा केन्द्र तक पहुंचने के बाद लीक होने पर केन्द्राधीक्षक जिम्मेदार माने जाएंगे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी: झारखंड अधिविधि परिषद ने नवीं बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है छात्र स्कूल के माध्यम से इसे जैक की वेबसाइट से अपलोड कर सकेंगे। अगर किसी छात्र के एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की गड़बड़ी होगी तो वह जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के जरिए इसे सही कर पाएंगे इस परीक्षा में पूर्वी सिंहभूम जिले के करीब 22000 छात्र शामिल होंगे।

