जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धो-कान्हू मोड़ पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बुलेट पर सवार होकर जा रहे दोनों युवक टर्निंग पर बाइक से संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना जबरदस्त था कि गोलू मुंडा (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बुधराम शांडिल्य (28) ने टीएमएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बिरसानगर थाना की ओर जा रहे थे।
सिद्धो-कान्हू मोड़ के पास उनकी बुलेट अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों गिर पड़े। दोस्तों द्वारा घायल अवस्था में उन्हें एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोलू मुंडा को मृत घोषित कर दिया। बुधराम की हालत चिंताजनक थी, लिहाजा परिजन उसे टीएमएच लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दोनों मृतक घनिष्ठ मित्र थे और बिरसानगर जोन नंबर 2बी के निवासी थे। बुधराम टेल्को में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था, जबकि गोलू मुंडा उषा मार्टिन कंपनी में काम करता था। गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद से इलाके में शोक की लहर है।
Read also – Jamshedpur Accident : पटमदा में बाइक सवार ने मोपेड को मारी टक्कर, एक की मौत

