Jamshedpur : जमशेदपुर में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह गोल चक्कर के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में लाइफ लाइन नर्सिंग होम के कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी का नाम सुदीप राय है। वह लंच करने के बाद बाइक से नर्सिंग होम वापस जा रहे थे तभी एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मौके पर ही सुदीप राय ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लोग आक्रोश में थे। लोगों का आरोप है कि भारी वाहन दुर्घटना को अंजाम देकर भाग निकला। लोगों का कहना है कि इस जगह कई बड़े हादसे पहले भी हो चुके हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया गया है। लोगों की मांग है कि मामले की जांच हो कि आखिर यहां पर किस लिए एक्सीडेंट होते हैं।
हादसे के बाद हंगामा की जानकारी मिलते ही एसडीओ धालभूम अर्नव मिश्रा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा बुझा कर प्रदर्शन खत्म कराया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। स्थानीय लोगों ने एसडीओ से मांग की कि इलाके में सघन ट्रैफिक रहता है। इसके बावजूद, भारी वाहन चालक ट्रक और ट्रेलर काफी रफ्तार से गाड़ी ले जाते हैं। इसी के चलते हादसा होता है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाया जाए।

