Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कीताडीह इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब साईं कॉम्प्लेक्स के नजदीक अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान आशीष कुमार भगत के तौर पर हुई है।

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल बागबेड़ा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आशीष कुमार भगत को बिना देरी किए इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने गोलीबारी में शामिल युवकों की पहचान कर ली है। आशीष कुमार भगत के परिचितों ने बताया कि इस घटना को रंजन सिंह, बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम प्रसाद, सूरज दास और कुछ अन्य युवकों ने मिलकर अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि आरोपियों ने दो दिन पहले भी आशीष भगत को गोली मारने की धमकी दी थी।
नाचने के विवाद में दिया घटना को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, साईं मंदिर के पास नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद आशीष भगत को गोली मारी गई। बागबेड़ा थाना प्रभारी ने दावा किया है कि पुलिस सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस इलाके में गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
Read also : गोपाल खेमका के बाद तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा की हत्या, पटना में घर में घुसकर गोलियों से भूना

