Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में प्रस्तावित चक्का जाम हड़ताल से ठीक पहले जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया है। मंगलवार को यूनियन कार्यालय के पास मेन रोड पर करीब 20 हमलावरों ने अचानक जय किशोर को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
बताते हैं कि हमलावर संगठित तरीके से पहुंचे और बिना किसी बहस के सीधे हमला कर दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही यूनियन के मेंबर मौके पर पहुंचे और उन्हें फौरन एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उनका इलाज चल रहा है। जय किशोर सिंह ने आरोप लगाया है कि ड्राइवरों के उचित मानदेय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को कमजोर करने के लिए यह हमला कराया गया है।
उन्होंने कंपनी के एक पदाधिकारी से जुड़े लोगों और टाटा कंपनी के कुछ वेंडरों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम हड़ताल से पहले इस घटना ने ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों में आक्रोश बढ़ा दिया है। यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

