Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित ओलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 जनवरी 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के अनुसार कुछ लोग टेम्पू पर सवार होकर क्षेत्र में घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे थे। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर, जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने दोपहर करीब 3 बजे ओलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-01 के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक टेम्पू पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पीछा कर पुष्पांजलि रेस्टोरेंट के पास पकड़ लिया गया। टेम्पू में सवार व्यक्तियों की तलाशी लेने पर दो युवकों के पास से एक-एक पाउच ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद टेम्पू में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
इस मामले में ओलीडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है।
बरामद सामान
– दो प्लास्टिक पाउच में ब्राउन शुगर (कुल वजन 10 ग्राम)
– तीन स्मार्ट एंड्रॉयड मोबाइल फोन
– एक टेम्पू (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05 DN 9183)
गिरफ्तार अभियुक्त
- सुशांत साह, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता संतोष साव, निवासी चरीटांड़ कालीबाग, थाना आलमगंज, जिला पटना (बिहार)
- अंशु कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता स्व. दीनानाथ प्रसाद, निवासी चरीटांड़ कालीबाग, थाना आलमगंज, जिला पटना (बिहार)
- पंकज साव, उम्र करीब 31 वर्ष, पिता शिवजी साहू, निवासी कुंवर बस्ती, ओल्ड पुरुलिया रोड, जीतू दुकान के पास, थाना मानगो, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

