मुंबई: बॉलीवुड की मशहूर गायिका नेहा कक्कड़ के चाहने वालों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उनकी बड़ी बहन और जानी-मानी सिंगर सोनू कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर ऐसा इशारा दिया है कि अब उनके और नेहा के बीच रिश्ते पहले जैसे नहीं रहे।
सोनू कक्कड़ ने शेयर किया भावुक पोस्ट
सोनू कक्कड़ ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘आज बहुत दुखी हूं।’ इस पोस्ट के बाद से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके और नेहा के बीच कुछ अनबन हो गई है। सोनू लिखती हैं, ‘गहरे दुख के साथ आप सभी को बताना चाहती हूं कि मैं अब दो प्रतिभाशाली सितारों टोनी कक्कड़ और नेहा कक्कड़ की बहन नहीं रही। यह फैसला मैंने बहुत भावनात्मक पीड़ा के चलते लिया है, और आज मैं वाकई बेहद दुखी हूं।’
सोनू के इस पोस्ट ने फैंस को हैरान और परेशान कर दिया है। अक्सर अपने भाई टोनी कक्कड़ और बहन नेहा के साथ मस्ती और प्यार भरे लम्हे साझा करने वाली सोनू की ये भावनात्मक अभिव्यक्ति कई सवाल खड़े कर रही है।
फैंस के रिएक्शन: ‘क्या हुआ ऐसा?’
सोनू की पोस्ट पर फैंस की ढेरों प्रतिक्रियाएं आईं। एक फैन ने कमेंट किया, ‘ऊपरवाला सब ठीक करेगा, पर हुआ क्या?’ वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘अरे! ये कब हुआ?’
संगीत की दुनिया की जानी-पहचानी तिकड़ी
बता दें कि नेहा, सोनू और टोनी कक्कड़ संगीत की दुनिया में एक लोकप्रिय तिकड़ी हैं। हालांकि, तीनों की लोकप्रियता में फर्क जरूर है — नेहा जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी हैं, वहीं सोनू और टोनी की फैन फॉलोइंग उतनी बड़ी नहीं, लेकिन वो भी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
सोनू ‘इंडियन आइडल 12’ और ‘सारेगामापा पंजाबी’ जैसे रियलिटी शोज में जज के रूप में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने ‘अंखियां नू रहने दे’ और ‘अर्बन मुंडा’ जैसे हिट गाने भी दिए हैं।
बीते साल शेयर की थी नेहा संग आखिरी तस्वीर
सोनू ने अपनी बहन नेहा के साथ आखिरी तस्वीर इंस्टाग्राम पर 6 जून 2024 को साझा की थी। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था:
‘तुमको हमारी उम्र लग जाए। मेरी प्यारी गुड़िया नेहा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, जो दुनिया की सबसे अच्छी बहन है। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि तुम मुझे मिलीं…भगवान तुम्हें आशीर्वाद दें मेरी बाबू।’
इसके बाद, 19 जून 2024 को सोनू ने नेहा के साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसमें दोनों किसी शो के सेट पर साथ नजर आ रही थीं।
भजन से शुरू हुआ संगीत का सफर
कक्कड़ परिवार का संगीत से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। नेहा, सोनू और टोनी तीनों ने बचपन में देवी जागरण और माता की चौकी में भजन गाते हुए अपने करियर की शुरुआत की थी। एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें तीनों भाई-बहन कांगड़ा वाली देवी की अरदास करते नजर आए थे।
रिश्ते में आई दरार या सिर्फ भावनात्मक क्षण?
फिलहाल सोनू कक्कड़ की ओर से नेहा के साथ रिश्ते में खटास की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन उनके पोस्ट ने फैंस को काफी चिंतित कर दिया है। अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या दोनों बहनों के बीच वाकई में दूरी आ गई है या यह महज़ एक भावनात्मक क्षण था।

