Ramgarh : पतरातू थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक बार फिर फायरिंग की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। भुरकुंडा–सौंदा बस्ती मुख्य मार्ग पर पतरातू रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज साइट पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गौरतलब है कि जयनगर निवासी सुरक्षा गार्ड प्रदीप राजवंशी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान देर रात बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली गार्ड की जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनते ही निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद हुआ है। साथ ही अपराधियों द्वारा छोड़ा गया एक पर्चा भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। घायल गार्ड को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही ओवरब्रिज साइट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल गार्ड के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

