
जमशेदपुर : करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को एनडीए के आह्वान पर आयोजित जमशेदपुर बंद सफल रहा है। बंद के सफलता पूर्वक संपन्न होने के बाद अब दुकानें खुलने लगी हैं।
पू्र्व राजस्व मंत्री भी उतरे सड़क पर
पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दुलाल भुईयां स्वयं सड़क पर उतरे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ भुईयांडीह, मानगो और आसपास के इलाकों में पैदल मार्च कर व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। बंद के दौरान कई बाजारों में कारोबार प्रभावित रहा, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
दुलाल भुईयां ने भुईयांडीह और मानगो में संभाली बंद की कमान, समर्थकों के साथ निकले दुलाल भुईयां
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां अपने भुईयांडीह स्थित आवासीय कार्यालय से समर्थकों के साथ निकले और विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भुईयांडीह, मानगो बस स्टैंड और आसपास के बाजारों में पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दुकानदारों और व्यापारियों से स्वेच्छा से दुकानें बंद रखने का आग्रह किया। बंद के कारण कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हिमांशु की हत्या को बताया कानून-व्यवस्था की विफलता
दुलाल भुईयां ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है, जिसके कारण हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है और सरकार को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
पूर्व मंत्री ने कहा कि एनडीए का बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता की आवाज उठाने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार से हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भुईयांडीह, मानगो और अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी करता रहा।

जमशेदपुर बंद का नेतृत्व करने सड़क पर उतरे सरयू राय
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सुबह से अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा करते रहे। उन्होंने लोगों और व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील की। सरयू राय ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर संकेत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, गोलीबारी, लूट और हमले जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि होने से आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है। उनके अनुसार, यदि अपराधियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।
कई बाजार बंद, वाहनों के टायरों की हवा निकाली
बंद के दौरान भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई, गोलमुरी, कदमा सहित कई प्रमुख इलाकों में जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील की, जिसका व्यापक असर भी दिखाई दिया। अधिकांश बाजारों में सुबह से दुकानें बंद रहीं और सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर आवाजाही कम रही।

कई स्थानों पर बंद समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में वाहनों को रोककर उनके टायरों की हवा निकाल दी। वहीं सड़क पर चल रहे कुछ टेंपो चालकों को भी वापस लौटने के लिए कहा गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हिमांशु सिंह के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की गई।
कानून-व्यवस्था पर राज्य सरकार को घेरा
सरयू राय ने कहा कि तत्कालीन जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला-खरसावां एसपी को हटाया जाना इस बात का संकेत है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में गंभीर चूक हुई है। उन्होंने नए पुलिस अधिकारियों से बिना किसी दबाव के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने और शहर में कानून का राज स्थापित करने की अपेक्षा जताई।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों का पुलिस और प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई समर्थक हिरासत में
जमशेदपुर बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई बंद समर्थकों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया।
बंद के कारण शहर के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा, हालांकि अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से जारी रखा गया।
हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में थमा शहर, भाजपा के आह्वान पर बाजार बंद, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को आज भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर आयोजित जमशेदपुर बंद का व्यापक असर पूरे शहर में देखने को मिल रहा है। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में घूमकर बंद को सफल बनाने में जुटे रहे। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का भी बंद को समर्थन मिलता नजर आया।
बिष्टुपुर स्थित भाजपा नेता नीरज सिंह के डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या के बाद शहर में लगातार आक्रोश बना हुआ है। इस हत्याकांड में भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 लोगों को मृतक के पिता अरविंद सिंह ने नामजद किया है।
भाजपा इस घटना को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। इस पार्टी का कहना है कि हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
बंद से एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया था। शुक्रवार को बंद के दौरान अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम दिखाई दी। हालांकि, बंद के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे बंद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में दोषियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाना चाहिए और पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह हिरासत में

गिरफ्तार विकास सिंह
ज़िला प्रशासन ने शुक्रवार को तड़के मानगो से पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को हिरासत में लिया है। उन्हें उनके आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जमशेदपुर में आज बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शुक्रवार को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरे शहर में रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। बंद का असर शिक्षण संस्थानों, बाजारों और अन्य गतिविधियों पर भी देखने को मिल सकता है।
जमशेदपुर बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
बंद से पहले गुरुवार शाम शहर में मशाल जुलूस निकाला गया। इस जुलूस का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया। बिष्टुपुर क्षेत्र से निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि बंद का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ की प्राप्ति नहीं, बल्कि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने, अपराध पर नियंत्रण लगाने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाना है। दूसरी ओर, गुरुवार शाम को ही पुलिस ने बिष्टुपुर और साकची में फ्लैग-मार्च निकाला।

रात 10 बजे तक लागू रहेगी निषेधाज्ञा
जिला प्रशासन ने बंद को देखते हुए एहतियात के तौर पर पूरे शहर में रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी -धालभूम अर्णव मिश्रा के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल को भी तैयार रखा गया है, ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।
जमशेदपुर बंद का स्कूल-कॉलेज और परीक्षाओं पर असर
बंद के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई निजी शिक्षण संस्थानों ने आज अवकाश घोषित किया है। स्कूली वाहन सेवा संचालक समिति ने भी वाहन संचालन नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके चलते अधिकतर निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जिससे पढ़ाई प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा कोल्हान विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को निर्धारित सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी।
बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी दिख सकता असर
जमशेदपुर बंद को शहर के कई व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला है। व्यापारिक संगठनों के समर्थन के कारण शहर के विभिन्न बाजारों में दुकानें आंशिक अथवा पूरी तरह बंद रह सकती हैं। व्यापारियों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई है। ऐसे में खरीदारी या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को पहले स्थानीय स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
जमशेदपुर बंद आज : आम लोगों के लिए जरूरी जानकारी
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के प्रमुख इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। आवश्यक सेवाओं को सामान्य रूप से संचालित रखने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बंद के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
Read Also- Jamshedpur Crime : कदमा में युवक को मारी गोली, शहर में पुलिस पेट्रोलिंग के बीच फायरिंग से फैली दहशत

