
Jamshedpur : मानगो के डिमना रोड स्थित एरिक्शन मोबाइल दुकान में सोमवार को एक युवक ने चाकू के बल पर लूट की कोशिश की। युवक अपने साथ एक बैग लेकर पहुंचा था और दुकानदार को धमकी देते हुए कहा कि बैग में बम है। इससे दुकान में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि युवक चाकू दिखाकर लूट की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आसपास के दुकानदारों ने हिम्मत जुटाकर युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें बम के बजाय एक स्पीकर मिला।
पूछताछ में सामने आया कि युवक मोबाइल के जरिये स्पीकर में रिंग बजा रहा था और लोगों को बैग में बम होने की धमकी दे रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़ा गया युवक कौन है, वह कहां से आया था और मोबाइल दुकान में लूट की कोशिश के पीछे उसका क्या मकसद था। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

