
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जहां उनके पैतृक परिवार में शोक का माहौल है, वहीं मानगो स्थित उनके ससुराल में भी मातम पसरा हुआ है। महज एक वर्ष पहले जिस घर से बेटी की विदाई खुशी और उत्साह के साथ हुई थी, आज उसी घर में गहरा सन्नाटा और दुख का माहौल है।
गौरतलब है कि स्वर्गीय हिमांशु सिंह का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व मानगो के गुरुद्वारा रोड निवासी गणेश सिंह उर्फ राजू सिंह की बेटी रिचा के साथ धूमधाम से हुआ था। परिवार ने बेटी के सुखद भविष्य के सपने संजोए थे, लेकिन हिमांशु की निर्मम हत्या ने उन सभी सपनों को पलभर में तोड़ दिया।
पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह शोक संतप्त परिवार से मिलने रिचा के मायके पहुंचे। इस दौरान रिचा के पिता राजू सिंह भावुक हो गए। उन्होंने रोते हुए कहा कि बेटी की शादी केवल 20 वर्ष की उम्र में इसलिए की थी क्योंकि उन्हें विश्वास था कि हिमांशु एक होनहार युवक है और उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित रहेगा। लेकिन यह कभी नहीं सोचा था कि शादी के एक वर्ष के भीतर ही उनकी 21 वर्षीय बेटी के सिर से सुहाग का साया उठ जाएगा।
राजू सिंह ने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पिछले चार दिनों से घर में किसी का मन खाने-पीने में नहीं लग रहा है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मोहल्ले के लोग भी इस दुख में बराबर के साथी बने हुए हैं।
विकास सिंह ने कहा कि रिचा के मायके में भी लगातार मातम का माहौल है। जिस बेटी के लिए परिवार ने खुशहाल जीवन का सपना देखा था, वह सपना एक झटके में बिखर गया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है।
रिचा के पिता राजू सिंह ने कहा कि उनकी बेटी का सुहाग तो अब वापस नहीं आ सकता, लेकिन भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए वे और उनके परिवार के सदस्य 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि किसी और परिवार का घर इस तरह उजड़ने से बच सके।

