
पलामू : झारखंड के पलामू जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बीघा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने धारदार हथियार से दंपति पर हमला कर दिया। इस हमले में आठ माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया गया कि गुरुवार रात बिंदु बीघा गांव निवासी चितरंजन पासवान का किसी बात को लेकर दीपक पासवान और उनके परिवार से विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित ने धारदार हथियार से दीपक पासवान और उनकी पत्नी रूपा देवी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उनकी गोद में मौजूद आठ माह का मासूम भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पलामू में धारदार हथियार से हमला, आठ माह के बच्चे की मौत
हमले के बाद ग्रामीण तुरंत घायल दंपति और मासूम बच्चे को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आठ माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय दीपक पासवान और 28 वर्षीय रूपा देवी का प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दीपक पासवान की हालत बनी हुई है गंभीर
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन के अनुसार दीपक पासवान की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम दोनों घायलों का उपचार कर रही है। अस्पताल प्रशासन लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि मामूली विवाद के बाद चितरंजन पासवान ने धारदार हथियार से दंपति पर हमला किया, जिसमें आठ माह के बच्चे की मौत हो गई और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Read Also: Palamu Rojgar Mela:रोजगार मेला में 166 युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 25 कंपनियों ने किया चयन

