
रांची : शहर में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि शुक्रवार को दिनदहाड़े बरियातू थाना के पीछे एक महिला से सोने की चेन लूट ली। घटना अर्पण विला, विद्यापति मार्ग तेतर टोली गेट के पास की है।
बताया जाता है कि महिला बरियातू थाना के पास से सब्जी ले कर लौट रही थी। लुटेरे को उनके गले की चेन पर नजर थी। महिला जैसे ही आगे बढ़ी अपाचे बाइक पर सवार दो सामने आ गए। दोनों हेलमेट पहने हुए थे। लुटेरों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। फिर तेजी से फरार हो गए।
रांची शहर में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं में डर का माहौल है।
थाने के आसपास भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। इस घटना से आसपास के लोगों में खौफ बना है। लोगों ने रांची पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन अपराधियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

