
लातेहार : जिले के बरवाडीह में शुक्रवार को हुए इस हादसे ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर दिया। घर की छत पर खेल रहा छह वर्षीय मासूम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आबादी वाले इलाके से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
चिकित्सकों की गहन निगरानी में है मासूम
बरवाडीह के मस्जिद मुहल्ला निवासी ईरसाद आलम का छह वर्षीय पुत्र उमर इरसाद अपने घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान छत के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले गए। फिलहाल वह चिकित्सकों की गहन निगरानी में है।
आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके और मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन लंबे समय से बड़े हादसे का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस लाइन को हटाने या दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग कई बार संबंधित विभाग के समक्ष उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सांसद कालीचरण सिंह ने भी इस मामले में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
विद्युत विभाग ने लाइन शिफ्टिंग का दिया आश्वासन
विद्युत विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक सामग्री उपलब्ध होते ही लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। विभाग का कहना है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
विभागीय लापरवाही को लोग ठहरा रहे जिम्मेदार
बरवाडीह व्यवसायी संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते लाइन शिफ्ट नहीं किए जाने से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थायी समाधान की उठी मांग
संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने विद्युत विभाग से तत्काल हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने और रिहायशी क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा के स्थायी उपाय लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जिंदगी इस तरह खतरे में न पड़े।
Read Also-

