Home » Jamshedpur News : उलीडीह सड़क हादसा : तेज रफ्तार कार ने टेंपो और बाइक को मारी टक्कर, 10 घायल, चार की हालत गंभीर

Jamshedpur News : उलीडीह सड़क हादसा : तेज रफ्तार कार ने टेंपो और बाइक को मारी टक्कर, 10 घायल, चार की हालत गंभीर

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम राष्ट्रीय उच्च पथ-33 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिग बाजार के समीप तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक टेंपो अनियंत्रित होकर कई बार पलट गया, जबकि कार आगे चल रही बाइक से भी जा भिड़ी। इस भीषण दुर्घटना में टेंपो चालक समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला सहित चार लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज-अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

उलीडीह में कैसे हुआ सड़क हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पारडीह की ओर से तेज गति से आ रही कार सामने चल रहे टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो संतुलन खो बैठा और कई बार पलट गया। इसके बाद अनियंत्रित कार आगे चल रही एक बाइक से भी जा टकराई। हादसे के दौरान टेंपो में सवार मजदूर सड़क पर गिर पड़े, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। दुर्घटनाग्रस्त कार, टेंपो और बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सड़क हादसे में घायल लोगों की पहचान

इस दुर्घटना में घायल होने वालों में बिरसानगर जोन-1 बी निवासी ब्रिजेश्वर चौधरी (22), अनमोल सिंह (18), तुरियाबेड़ा निवासी टेंपो चालक सोनू घोष (45), पश्चिम बंगाल के सुपुडीह निवासी शोभारानी दास (25), उनकी मां सुलेखा दास (40), पिता शिवशंकर दास (42), हेत्याकोल निवासी देवकिशोर प्रमाणिक (35), बांगुड़दा निवासी कृष्ण कालिंदी, भीष्म पोद्दार सहित अन्य मजदूर शामिल हैं।

चिकित्सकों के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक, देवकिशोर प्रमाणिक तथा सुलेखा दास की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

काम से लौट रहे थे मजदूर, रास्ते में हुआ हादसा

घायल राजमिस्त्री शिवशंकर दास ने बताया कि वे सात मजदूरों के साथ टेंपो से पारडीह से डिमना चौक जा रहे थे। वहां से उन्हें बस पकड़कर अपने गांव लौटना था। इसी दौरान बिग बाजार के समीप तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी और देखते ही देखते बड़ा हादसा हो गया।

मजदूरों ने बताया कि दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला। टेंपो पलटते ही उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।

तीन वर्षीय बच्चे को नहीं आई खरोंच

इस दर्दनाक हादसे के बीच एक राहत देने वाली खबर भी सामने आई। शोभारानी दास का लगभग तीन वर्षीय पुत्र भी टेंपो में मौजूद था, लेकिन दुर्घटना के बावजूद उसे मामूली खरोंच तक नहीं आई। स्थानीय लोगों ने इसे राहत की बात बताया, जबकि अन्य घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

उलीडीह थाना की पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

Read also –Jamshedpur Himanshu Singh Murder Case: हिमांशु हत्याकांड पर राजनीति शुरू, जानें केस में BJP नेता नीरज सिंह को किसने घसीटा ?

Related Articles

Leave a Comment