Palamu/ Ramgarh : पलामू में एक महिला ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली है। महिला की हालत मानसिक रूप से ठीक नहीं बताई जा रही है। वहीं रामगढ़ में एक अज्ञात युवक की हत्या कर दी गई है। हत्या कर शव को झाड़ियों की तरफ लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
सुबह पांच बजे घर से निकली थी महिला
पलामू के मेदिनी नगर क्षेत्र के टीओपी टू के तहत कांदू मोहल्ला के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव मिला है। यह शव सोमवार को मिला। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई। यह शव 70 वर्षीय राधा देवी का है। उसके पति का नाम रामजी शाह है। राधा देवी नौडीहा बाजार के सरईडीह की रहने वाली थीं और कांदू मोहल्ला में किराए पर रहती थीं। इलाके के लोगों का कहना है कि मालगाड़ी से कटकर महिला ने खुदकुशी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। महिला ने खुदकुशी क्यों की इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। महिला के बेटे प्रमोद प्रसाद ने पुलिस को बताया कि सोमवार की सुबह 5:00 बजे राधा देवी घर से निकल गई थीं। उनकी खोजबीन की जा रही थी। तभी पता चला कि एक महिला का शव रेल लाइन पर मिला है। वह मौके पर पहुंचे तो देखा उनकी मां का शव पड़ा था। प्रमोद का कहना है कि उनकी मां की स्थिति मानसिक रूप से ठीक नहीं थी।
हत्या कर शव झाड़ियों की तरफ फेंका
रामगढ़ में बाजार समिति के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रामगढ़ थाना प्रभारी ने बताया की शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। लगता है कि युवक की कहीं और हत्या की गई और शव लाकर यहां फेंक दिया गया। घटनास्थल के पास युवक की चप्पल और सड़क के किनारे खून के निशान भी मिले हैं। युवक के पैर में भी चोट लगी है और उस पर पट्टियां भी बंधी हुई हैं। लगता है कि युवक की हत्या के पहले उसके साथ मारपीट भी की गई है। रामगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। इससे पता चलेगा कि वहां शव लाकर किसने फेंका। इसके बाद मामले की तफ्तीश होगी और हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

