Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में दुकान में घुसकर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी गया पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नकदी बरामद की है।
गौरतलब है कि 7 मार्च को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह कान्हु भट्ठा निवासी पंचम भुइयां ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर ने उनकी दुकान में घुसकर पर्स और नकदी चोरी कर ली है। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में केस दर्ज कर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर आठ मार्च को पुलिस ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट मैदान के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम सुमित सांडिल उर्फ टुनु बताया। वह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को कुबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 2000 रुपये में से 500 रुपये बरामद कर लिए। आरोपी ने बताया कि बाकी रुपये वह खर्च कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी को को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक दानिएल संगा, सहायक अवर निरीक्षक संजीव कुमार और आरक्षी नरेन्द्र टुडु शामिल थे।

